
मिर्जापुर। नगर पालिका क्षेत्र स्थित पीएम श्री कंपोजिट स्कूल रानी कर्णावती में नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उल्लास के साथ की गई। पहले दिन विद्यालय पहुंचने वाले बच्चों का रोली-चंदन लगाकर और माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
विद्यालय परिसर को रंगोली और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे बच्चों के लिए खुशनुमा वातावरण तैयार किया गया। बच्चों के पहले दिन को यादगार बनाने के लिए प्रधानाध्यापिका एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित मधुरिमा तिवारी ने विद्यार्थियों को मिष्ठान और चॉकलेट वितरित किए।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य जैनेंद्र सिंह, मंजुला सिंह, रसोईया, विद्यालय की दाई तथा अभिभावक संघ की अध्यक्ष अफसाना सहित अन्य लोगों ने भी बच्चों का स्वागत किया और उन्हें पुस्तकें वितरित कीं। विद्यालय में नए सत्र के पहले दिन बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।















