दुष्कर्म मामले में 2 गिरफ्तार, चोरी का खुलासा कर सामान बरामद

मीरजापुर पुलिस का सराहनीय कार्य: दुष्कर्म मामले में 2 गिरफ्तार, चोरी का खुलासा कर सामान बरामद

मीरजापुर, 03 अप्रैल 2026। जनपद पुलिस ने महिला अपराध और चोरी की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, वहीं थाना चुनार पुलिस ने चोरी की घटना का अनावरण कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए चोरी का सामान बरामद किया है।

कोतवाली देहात क्षेत्र में 31 मार्च 2026 को पीड़िता के परिजन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में टीम गठित की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोपालपुर रेलवे पुलिया अंडरपास के पास से नामजद अभियुक्त आशीष विन्द और अमरबहादुर सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।

वहीं दूसरी ओर, थाना चुनार क्षेत्र में आदर्श कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज सीखड़ में हुई चोरी की घटना का भी पुलिस ने खुलासा किया। 2 अप्रैल को दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मगरहां-पयागपुर मार्ग पर मेडिया गांव के पास से अभियुक्त सत्यकुमार मिश्रा उर्फ शनि मिश्रा को गिरफ्तार किया। उसके पास से गैस सिलेंडर, चूल्हा, कुकर, फिंगरप्रिंट मशीन, कंप्यूटर और पंखा बरामद किया गया। साथ ही एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके अलावा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अभियान चलाकर 15 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धाराओं में चालान किया। इनमें थाना चील्ह से 4, पड़री से 1, चुनार से 6 और मड़िहान से 4 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस सक्रियता से जनपद में अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें