
50 लाख के गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, होंडा सिटी कार से हो रही थी सप्लाई
मीरजापुर। थाना पड़री व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹50 लाख कीमत के अवैध गांजा के साथ 5 शातिर अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन (होंडा सिटी) भी बरामद कर सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध व मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना पड़री पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने 4 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार (UP 32 FV 0200) को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया कुल 100.60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सम्भलपुर (उड़ीसा) से गांजा लाकर मीरजापुर, प्रयागराज व आसपास के जनपदों में सप्लाई करते थे और बिक्री से मिले पैसे को आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम सिंह उर्फ राहुल सिंह, सौरभ मिश्रा उर्फ पुष्कर मिश्रा, विकास तिवारी उर्फ विक्कू, राजन तिवारी उर्फ विश्वजीत तिवारी और पवन पाण्डेय शामिल हैं। इनमें से पवन पाण्डेय थाना पड़री का हिस्ट्रीशीटर है, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पड़री में मु0अ0सं0-79/2025 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
इस कार्रवाई को मीरजापुर पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।















