
एक दिन की यूनानी अधिकारी बनीं गौरी केशरी, जनपद में बढ़ाया मान
मिर्जापुर। सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर के लिए यह गर्व का विषय है कि विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा गौरी केशरी को क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. श्रीकांत रजक द्वारा सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, जनपद के सभी विद्यालयों में गौरी केशरी एकमात्र ऐसी छात्रा रहीं, जिन्हें चयनित कर एक दिन के लिए यूनानी अधिकारी के रूप में कार्य करने का अवसर प्रदान किया गया। इस दौरान उन्होंने जनपद के 50 आयुर्वेदिक एवं 4 यूनानी चिकित्सालयों की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया और प्रशासनिक तथा चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किया।
गौरी की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं, यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए भी गौरव का विषय बन गई है।















