
अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 3 बीघा क्षेत्र में ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई
मीरजापुर, 08 अप्रैल 2026। नगर मजिस्ट्रेट/सचिव मीरजापुर विन्ध्याचल विकास प्राधिकरण अविनाश सिंह के निर्देशन में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। ग्राम/मौजा अनन्तराम पट्टी स्थित आराजी संख्या 340, 341 व 342 सहित आसपास की जमीनों पर काश्तकारों एवं अन्य अज्ञात सहयोगियों द्वारा लगभग 3 बीघा क्षेत्र में बिना स्वीकृत ले-आउट मानचित्र के अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।

प्राधिकरण द्वारा पूर्व में संबंधित लोगों को उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के तहत नोटिस जारी कर अवैध निर्माण रोकने एवं स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि नोटिस का अनुपालन न किए जाने पर प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार बुधवार को प्रवर्तन दल ने पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया।
इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी भवन, भूखण्ड या प्लाट की खरीदारी से पहले संबंधित कॉलोनी या स्थल का ले-आउट/भू-विन्यास विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं, इसकी जांच अवश्य कर लें।
अन्यथा भविष्य में होने वाली ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई से होने वाले किसी भी नुकसान के लिए प्राधिकरण जिम्मेदार नहीं होगा।















