जनगणना में पूछे जाएंगे 33 सवाल, घर-घर से जुटेगा डिजिटल डेटा

जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मीरजापुर, 08 अप्रैल 2026। जनगणना-2027 को सफल एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी उप जिलाधिकारियों एवं खण्ड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए सभी उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों को उनके-अपने क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को सही तरीके से कराने के लिए सभी सुपरवाइजरों एवं कर्मियों को आगामी 20 अप्रैल 2026 से तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि चूंकि इस बार जनगणना पूरी तरह मोबाइल एप के माध्यम से पेपरलेस तरीके से की जाएगी, इसलिए इस कार्य में ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की जाए जो मोबाइल व कंप्यूटर संचालन में दक्ष हों। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि 18 अप्रैल 2026 को सभी उप जिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारियों को कलेक्ट्रेट में प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं कर्मचारियों की प्रभावी निगरानी कर सकें।

उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से होने वाली इस जनगणना में डेटा सीधे सेंट्रल सर्वर पर भेजा जाएगा। मकानों की गणना के दौरान लगभग 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसमें मकान का उपयोग, स्वामित्व, कमरों की संख्या, परिवार की संरचना, मुखिया का नाम, लिंग, वैवाहिक स्थिति, बिजली, पानी, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कर्मियों को समुचित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि घर-घर जाकर जनगणना के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करते हुए जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही सम्पन्न कराया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी लालगंज महेंद्र सिंह, सदर गुलाब चन्द्र, मड़िहान अनेग सिंह, चुनार राजेश वर्मा, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी अशोक त्रिपाठी सहित सभी तहसीलदार एवं खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें