
मीरजापुर में जाम से राहत के लिए एक्शन प्लान, 8 प्रमुख मार्गों पर टीएसआई तैनात
मीरजापुर, 09 अप्रैल 2026। शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने ठोस पहल की है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संयुक्त रूप से पुलिस लाइन स्थित माँ विन्ध्यवासिनी सभागार में बैठक कर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की।
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की तैनाती और निगरानी व्यवस्था पर चर्चा की गई। प्रशासन ने शहर के 8 प्रमुख मार्गों को चिन्हित करते हुए कुल 19.7 किलोमीटर क्षेत्र में प्रत्येक मार्ग पर एक-एक टीएसआई को प्रभारी नियुक्त करने का निर्णय लिया है, जो अपने-अपने क्षेत्र में यातायात संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
चिन्हित मार्गों में खंजाची रोड (वासलीगंज से रतनगंज फ्लाईओवर), तहसील रोड (तहसील चौराहा से गुरहट्टी तिराहा), इमामबाड़ा रोड (मुकेरी बाजार से जाह्नवी तिराहा), एनएच-135ए (नटवा तिराहा से पुराना बाड़ा चील्ह), जेल रोड (बरौधा से संगमोहाल), पुलिस लाइन रोड (रोडवेज तिराहा से घोड़े शहीद), स्टेट हाईवे-5/एनएच-35 (मुहकोचवा से नवीन सब्जी मंडी) और त्रिमुहानी रोड (नवीन तिराहा से कचहरी पेट्रोल पंप) शामिल हैं।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि चिन्हित मार्गों पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और जाम की समस्या उत्पन्न करने वाले कारणों को चिन्हित कर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि मीरजापुर शहर में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।












