मिर्जापुर में 16.82 लाख मतदाताओं के साथ अंतिम सूची प्रकाशित

मिर्जापुर में 16.82 लाख मतदाताओं के साथ अंतिम सूची प्रकाशित, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी विस्तृत जानकारी

मिर्जापुर, 10 अप्रैल 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें विधानसभा वार मतदाता सूची की प्रति उपलब्ध कराई और इसके बाद पत्रकार वार्ता में पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर पुनरीक्षण कार्य 4 नवंबर 2025 से 26 दिसंबर 2025 तक चलाया गया। इस दौरान घर-घर गणना प्रपत्र वितरण और संग्रहण के साथ बूथ स्तर पर मुनादी, एनाउंसमेंट और समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। जिन मतदाताओं के प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए, उनका सत्यापन कर मृतक, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों को सूची से हटाने की कार्रवाई भी की गई।

06 जनवरी 2026 को सभी मतदेय स्थलों पर आलेख्य सूची प्रकाशित की गई थी, जिसके बाद 6 जनवरी से 6 मार्च तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। पात्र नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फार्म-6 तथा संशोधन के लिए फार्म-8 भरवाए गए। विशेष अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई गई और समय-समय पर समीक्षा बैठकें भी की गईं।

इस पूरी प्रक्रिया में 5 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 30 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 145 अतिरिक्त सहायक अधिकारी, 2258 बूथ लेवल अधिकारी और 225 सुपरवाइजर तैनात किए गए। साथ ही 16 जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की गई। राजनीतिक दलों की ओर से 10,950 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए, जिनका सहयोग भी प्राप्त हुआ।

अंतिम प्रकाशन के अनुसार मिर्जापुर जिले में कुल 16,82,966 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 9,13,876 पुरुष, 7,69,040 महिला और 50 अन्य मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान कुल 1,15,427 नए मतदाता जोड़े गए।

विधानसभा वार देखें तो छानबे में 3,41,339, मिर्जापुर में 3,32,896, मझवां में 3,60,100, चुनार में 3,12,956 और मड़िहान में 3,35,675 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची एक सप्ताह तक बूथों पर अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट, जिला वेबसाइट और ईसीआई के पोर्टल पर भी इसे देखा जा सकता है। जिन पात्र नागरिकों का नाम अब भी सूची में शामिल नहीं है, वे ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित चार अर्हता तिथियों—01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर—के आधार पर भी नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया है, जिसमें सभी राजनीतिक दलों, अधिकारियों और मीडिया का सहयोग रहा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें