सीसीटीवी में दिखे हमलावर की राजेंद्र सोनकर के रूप में पहचान

सीसीटीवी में दिखे हमलावर की राजेंद्र सोनकर के रूप में पहचान, सद्भावना नगर में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या

मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के अनगढ़ रोड स्थित सद्भावना नगर में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां देवरी गांव की ग्राम प्रधान के पति व पेशे से अधिवक्ता 52 वर्षीय राजीव सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस बीच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों ने एक हमलावर की पहचान राजेंद्र सोनकर के रूप में किए जाने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक राजीव सिंह मिर्जापुर शहर के जीआईसी के पीछे स्थित सद्भावना नगर में अपना निजी मकान बनवाकर रह रहे थे। रोज की तरह वह सुबह टहलकर लौटे थे और घर के पास ही किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे दो हमलावरों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगे। घटना सुबह 8 बजे के आसपास की बताई जा रही है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद जब हमलावर भागने लगे तो उनकी मोटरसाइकिल स्टार्ट करने में कुछ देर के लिए दिक्कत हुई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन हमलावरों ने तमंचा निकालकर लोगों को डराया, जिससे आसपास मौजूद लोग सहमकर पीछे हट गए और हमलावर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो हमलावर साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज खंगालते हुए उनकी पहचान करने में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों द्वारा एक आरोपी की पहचान राजेंद्र सोनकर के रूप में किए जाने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है। क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राजीव सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें