मिर्जापुर में अधिवक्ता हत्याकांड के चलते पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा

पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा, 24 घंटे में कार्रवाई का पुलिस ने दिया आश्वासन

टहलने निकले अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, बार अध्यक्ष ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना नगर (जीआईसी के पीछे) में शनिवार सुबह करीब 7 बजे टहलने निकले अधिवक्ता रिंकू सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जबकि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है।

घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। मीरजापुर बार काउंसिल के अध्यक्ष अभय राज सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आरोपी को जिंदा या मुर्दा तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही आरोपियों के मकान को ध्वस्त करने की भी मांग उठाई गई। अधिवक्ताओं का आरोप है कि आरोपी का मकान तालाब की जमीन पर अवैध रूप से बना है, जिस पर प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब मृतक का शव एंबुलेंस से पहुंचा। आक्रोशित अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने अधिवक्ताओं की मांगों पर कार्रवाई के लिए 24 घंटे का समय मांगा है।

मृतक रिंकू सिंह की पत्नी वर्तमान में देवरी गांव की ग्राम प्रधान हैं, जबकि स्वयं रिंकू सिंह करीब 10 वर्षों तक इस क्षेत्र के प्रधान रह चुके थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें