मिर्जापुर में सरकारी शेड में लगी स्टील सीटें गायब, लोगों की सुविधा पर लगा ग्रहण

सरकारी शेड में लगी स्टील सीटें गायब, लोगों की सुविधा पर लगा ग्रहण

मिर्जापुर में सांसद अनुप्रिया पटेल की पहल पर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर ब्लॉक व सरकारी कार्यालयों के पास, आमजन की सुविधा के लिए लगाए गए स्टेनलेस स्टील बैठने के सेट अब अपनी उपयोगिता खोते नजर आ रहे हैं। इन सीटों का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले लोगों को इंतजार के दौरान बैठने की सुविधा देना था, लेकिन अब अधिकांश स्थानों पर या तो ये सीटें गायब हो चुकी हैं या फिर अतिक्रमण की भेंट चढ़ गई हैं।

स्थिति यह है कि कई जगहों पर दुकानदारों द्वारा इन सार्वजनिक सीटों के आसपास कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम लोगों का बैठना मुश्किल हो गया है। कुछ स्थानों पर तो पूरी सीटें ही हटा दी गई हैं। खासतौर पर मिर्जापुर के कोन ब्लॉक स्थित बीडीओ कार्यालय के बाहर बने शेड में पहले तीन ओर बैठने की व्यवस्था थी, लेकिन वर्तमान में वहां केवल एक तरफ की सीट ही बची है, जबकि बाकी दो तरफ की सीटें गायब कर दी गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था पहले बेहद उपयोगी साबित हो रही थी, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर से आने वाले ग्रामीणों के लिए। अब सीटों के गायब होने से लोगों को खड़े रहकर इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सीटों को पुनः स्थापित कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को फिर से इसका लाभ मिल सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें