
नाबालिग को भगाने की आरोपी महिला गिरफ्तार, गैंगेस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त भी पकड़ा गया
मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली कटरा व राजगढ़ पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एक ओर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर गैंगेस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त को भी दबोच लिया गया।
कोतवाली कटरा थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल 2026 को एक महिला द्वारा अपने नाबालिग पुत्र को बहला-फुसलाकर भगाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्ता अंजली निवासी सहदेईया बैढ़ाड थाना कर्मा जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को न्यायालय भेज दिया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
इसी क्रम में थाना राजगढ़ पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट से संबंधित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त विक्की साहनी पुत्र राम लखन निवासी धनुपुर थाना हंडिया जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और वह फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे भी न्यायालय भेजकर जेल भेज दिया गया।
इसके अतिरिक्त जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अभियान चलाकर 5 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की। इनमें कोतवाली देहात क्षेत्र से 4 तथा लालगंज थाना क्षेत्र से 1 व्यक्ति का चालान किया गया।















