
होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
मीरजापुर, 21 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट-2025 के तहत प्रस्तावित लिखित परीक्षा (25, 26 व 27 अप्रैल) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन स्थित माँ विन्ध्यवासनी सभागार में संबंधित
अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में परीक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और शासन की मंशा के अनुरूप कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करे। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक रणनीति साझा करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।















