मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, 11 लोगों की मौत

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, 11 लोगों की मौत

मिर्जापुर, 22 अप्रैल 2026 ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान भैसोड बलाय पहाड़ के पास बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 8:30 बजे एक ट्रक ने पीछे से अल्टो कार, बोलेरो और ट्रेलर वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो और अल्टो कार में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर सर्विस मौके पर पहुंच गई तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के साथ ही घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

घटनास्थल का निरीक्षण जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर द्वारा किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की सूचना मिली है, जबकि मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस के मुताबिक मौके पर राहत कार्य जारी है और यातायात को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि एक ट्रक बिहार की दूसरी ट्रक मध्य प्रदेश की बताई जा रही है जबकि अल्टो सोनभद्र की और बोलोरो मिर्जापुर की गाड़ी हो सकती है ।मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें