मिर्जापुर, चोरी के बिजली तार के साथ अभियुक्त गिरफ्तार, 16 लोगों का शांति भंग में चालान

चोरी के बिजली तार के साथ अभियुक्त गिरफ्तार, 16 लोगों का शांति भंग में चालान

मीरजापुर, 27 अप्रैल 2026। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस को सफलता मिली है। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी के बिजली तार के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, वहीं शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 16 व्यक्तियों का चालान भी किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों की धरपकड़ और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार गुप्ता, चौकी प्रभारी करनपुर अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम इटवा से अनिल मिश्रा निवासी लोहिया तालाब, थाना कोतवाली कटरा को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 21 मीटर एल्यूमिनियम का बिजली तार और 58 मीटर अर्थ तार बरामद किया गया। इस संबंध में थाना कोतवाली देहात पर मुकदमा संख्या 198/2026 धारा 305ए, 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया है।

वहीं, जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थानों में कार्रवाई करते हुए 16 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया। थानावार कार्रवाई में कोतवाली कटरा से 2, विन्ध्याचल से 1, चुनार से 3, लालगंज से 1, हलिया से 1, ड्रमण्डगंज से 1, अहरौरा से 3 तथा मड़िहान से 4 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें