
विज्ञापन से अनुप्रिया पटेल गायब, सियासी हलकों में चर्चा तेज
मिर्जापुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जनपद आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर बड़े अखबारों में प्रकाशित फुल पेज विज्ञापन अब चर्चा का विषय बन गया है।
विज्ञापन में जहां भाजपा के जनप्रतिनिधियों और विधायकों की तस्वीरें प्रमुखता से प्रकाशित की गईं, वहीं मिर्जापुर को अपना राजनीतिक क्षेत्र मानने वाली केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की फोटो और उनकी पार्टी अपना दल (एस) का कहीं उल्लेख नहीं दिखा।
इसे लेकर जिले के सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों और राजनीतिक जानकारों का मानना है कि गठबंधन राजनीति के बीच इस तरह की अनदेखी कई सवाल खड़े कर रही है।
वहीं, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी का था, ऐसे में अपना दल (एस) की भूमिका स्वाभाविक रूप से सीमित या नहीं के बराबर रही होगी। इसी कारण विज्ञापन में उनका उल्लेख न किया गया हो, यह भी एक संभावित वजह मानी जा रही है।
हालांकि इस पूरे मामले पर आधिकारिक तौर पर किसी भी पक्ष की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन विज्ञापन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और इसे लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।















