विदेश भेजने के नाम पर ठगी, ₹89,389 साइबर सेल ने कराया वापस

मीरजापुर। विदेश भेजने के नाम पर की गई ऑनलाइन ठगी के मामले में थाना कछवां की साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित की ₹89,389 की धनराशि वापस कराई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) एवं थाना कछवां के प्रभारी कनिष्क आर. जामकर के नेतृत्व में जनपद में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता प्राप्त हुई।

जानकारी के अनुसार, गडौली थाना कछवां निवासी संदीप कुमार सिंह ने 11 फरवरी 2025 को अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर पंजीकृत की गई, जिसमें बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने उसे सऊदी अरब भेजने का झांसा देकर उसके बैंक खाते से ₹1,00,000 की धनराशि ट्रांसफर करा ली।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कछवां की साइबर सेल टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर तकनीकी विश्लेषण और आवश्यक विधिक प्रक्रिया अपनाई गई। टीम के प्रयासों से ठगी गई रकम में से ₹89,389 सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने थाना पहुंचकर पुलिस टीम और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान उसे साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए तथा भविष्य में अन्य लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस कार्रवाई में थाना कछवां की साइबर टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तत्परता से पीड़ित को समय पर राहत मिल सकी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें