
मिर्जापुर: ड्रामलगंज के गलरिया गांव में गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पलटा, सड़क पर बिखरे दर्जनों सिलेंडर
मिर्जापुर जिले के ड्रामलगंज क्षेत्र अंतर्गत गलरिया गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निरज इंडेन गैस गोदाम के पास गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें लदे दर्जनों घरेलू गैस सिलेंडर सड़क किनारे और आसपास बिखर गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग सहम गए और एहतियातन सुरक्षित दूरी बना ली। सूचना पर स्थानीय पुलिस और संबंधित एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित किया।
सौभाग्य से इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में लोगों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। बाद में कर्मचारियों ने बिखरे सिलेंडरों को एकत्र कर दूसरे वाहन में लोड कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि सिलेंडरों में रिसाव या विस्फोट होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।















