
मिर्जापुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म; मायूस लौटे वाहन चालक
मिर्जापुर। जनपद के कई पेट्रोल पंपों पर गुरुवार को पेट्रोल और डीजल का अभाव देखने को मिला, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ईंधन भरवाने के लिए पहुंचे लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध न होने से दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों के चालक परेशान दिखे। मुकेरी बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में वाहन चालक ईंधन लेने पहुंचे, लेकिन स्टॉक समाप्त होने के कारण उन्हें बिना ईंधन लिए ही लौटना पड़ा।
ईंधन संकट के चलते लोगों में चिंता का माहौल रहा। कई वाहन चालकों ने बताया कि उन्हें आवश्यक कार्यों के लिए बाहर जाना था, लेकिन पेट्रोल-डीजल न मिलने से उनकी योजनाएं प्रभावित हो गईं। कुछ लोगों ने कहा कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो दैनिक कार्यों पर व्यापक असर पड़ सकता है।
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार आपूर्ति बाधित होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। आपूर्ति सामान्य होते ही ईंधन उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

ईंधन की कमी से परिवहन व्यवस्था और आम जनजीवन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वाहन चालकों ने प्रशासन और संबंधित तेल कंपनियों से शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ताजा जानकारी के मुताबिक देर शाम रामबाग स्थित पेट्रोल पंप पर दो गाड़ी माल उपलब्धता बताई गई।













