
आईजीआरएस रिपोर्ट पर उठे सवाल, शिकायत के बावजूद शेखवा में जारी है अवैध निर्माण
मिर्जापुर। थाना अहरौरा क्षेत्र के ग्राम शेखवा निवासी रामदेव पुत्र स्वर्गीय राम प्रताप ने सार्वजनिक आम रास्ते पर कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पड़ोसी शिवराम पुत्र स्वर्गीय राम प्रताप तथा उनके पुत्र सुनील और सुजीत द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर लोहे का गार्डर लगाकर पक्का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है।
रामदेव के अनुसार, मामले की शिकायत थाना अहरौरा, उपजिलाधिकारी चुनार तथा आईजीआरएस पोर्टल पर की गई थी। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित लेखपाल भरत लाल ने मौके पर जांच कर सार्वजनिक मार्ग पर निर्माण होने की पुष्टि की और निर्माण रोकने की चेतावनी भी दी। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि थाना अहरौरा पुलिस ने आईजीआरएस पोर्टल पर अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है और निर्माण कार्य रोक दिया गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि शिकायत दर्ज होने के बाद से अब तक निर्माण कार्य का 50 प्रतिशत से अधिक भाग पूरा किया जा चुका है।
रामदेव का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो सार्वजनिक रास्ते पर स्थायी अतिक्रमण हो जाएगा, जिससे ग्रामवासियों के आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न होगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से आईजीआरएस पर लगाई गई रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले में समय पर ठोस कार्रवाई न होने से प्रशासनिक निर्देशों की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।















