
सीआईएससीई जोनल प्रतियोगिताओं में बजाज स्कूल का शानदार प्रदर्शन, शतरंज व एथलेटिक्स में जीते कई पदक
मिर्जापुर। सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर के विद्यार्थियों ने सीआईएससीई जोनल खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए शतरंज और एथलेटिक्स दोनों स्पर्धाओं में अनेक पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है।
शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन डब्ल्यू एच स्मिथ स्कूल, सिगरा वाराणसी में किया गया, जिसमें 11 विद्यालयों के 305 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा काम्या गुप्ता ने व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दिव्यांशी मौर्या और लीजा जायसवाल ने कांस्य पदक प्राप्त किया। आराध्या सोनी ने चौथा तथा अरमान श्रीवास्तव ने पांचवां स्थान हासिल किया। टीम चैंपियनशिप में भी विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंडर-14 बालक, अंडर-14 बालिका और अंडर-17 बालिका वर्ग में रजत पदक अपने नाम किए।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन सेंट जॉन्स स्कूल, बीएलडब्ल्यू वाराणसी में हुआ, जिसमें 16 विद्यालयों के 415 खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-14 बालिका वर्ग में अदिति त्रिपाठी ने डिस्कस थ्रो और शॉटपुट दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। दिया दुबे ने डिस्कस थ्रो में रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-14 बालक वर्ग में विशिष्ट सिंह ने 80 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। राम प्रसाद ने हर्डल रेस में रजत और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक प्राप्त किया। कार्तिकेय यादव ने शॉटपुट प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।















