
उधार दिए रुपये वापस दिलाने की मांग, महिला ने लगाए आरोप
मिर्जापुर। कोतवाली कटरा थाना क्षेत्र के देवपुरवा निवासी मंजू जायसवाल पत्नी राजकुमार जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उन्होंने नरेश जायसवाल को 40 हजार रुपये उधार दिए थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी पूरी रकम वापस नहीं की गई। उन्होंने बताया कि रुपये की मांग को लेकर वह लंबे समय तक प्रयास करती रहीं और बाद में पुलिस से शिकायत की।
मंजू जायसवाल के अनुसार, शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर 28 मई 2026 को सुलह-समझौता कराया था। उनका दावा है कि समझौते के दौरान नरेश जायसवाल ने लिखित रूप से तीन माह के भीतर 40 हजार रुपये वापस करने का वादा किया था। महिला का कहना है कि समझौते के तहत अब तक केवल 5 हजार रुपये ही दिए गए हैं, जबकि शेष राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
पीड़िता ने बताया कि उक्त समझौता पत्र पर बतौर गवाह उमेश मिश्रा, बलदाऊ राम, गीता जायसवाल, सोनी जायसवाल, निशा जायसवाल, सुचिता जायसवाल सहित अन्य लोगों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। उनका कहना है कि समझौते की शर्तों का पालन कराया जाए और बकाया धनराशि उन्हें दिलाई जाए।
मंजू जायसवाल ने आरोप लगाया कि शेष रकम का भुगतान न करना पड़े, इसके लिए उनके और उनके परिवार के खिलाफ तरह-तरह की अफवाहें तथा भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शेष धनराशि वापस दिलाने तथा कथित रूप से गलत और भ्रामक प्रचार करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।













