मिर्जापुर में ट्रेन यात्रियों का सामान चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

मिर्जापुर में ट्रेन यात्रियों का सामान चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

मोबाइल समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद, रेलवे स्टेशन के बाहर वारदात को देते थे अंजाम

मिर्जापुर, 28 अक्टूबर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण और 11 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य ट्रेन में यात्रा के दौरान यात्रियों का सामान चोरी करते थे और आउटर स्टेशन पर खड़े होकर यात्रियों के उतरते समय भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे पुलिस प्रयागराज के पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। रेलवे स्टेशन मिर्जापुर के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम को सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुलेन्द्र उर्फ राज चौहान (27) निवासी धौरूपुर, थाना कोतवाली देहात, मिर्जापुर; शुभम कुमार गुप्ता (19) निवासी ककरद, थाना संतनगर, मिर्जापुर; तथा शिवमंगल चौहान (26) निवासी ककरद, थाना संतनगर, मिर्जापुर के रूप में हुई है।

सात मोबाइल और आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात अदद मोबाइल फोन, एक अदद चेन पीली धातु की, एक अदद ब्रेसलेट सफेद धातु का तथा 11 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान को यात्रियों की चोरी की घटनाओं से संबंधित बताया गया है।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ट्रेनों में यात्रा के दौरान यात्रियों का सामान चोरी करते थे। इसके अलावा आउटर स्टेशन पर खड़े होकर यात्रियों के उतरने के समय भीड़ का फायदा उठाकर उनका सामान पार कर देते थे। पुलिस बरामद सामान के संबंध में संबंधित मुकदमों की जांच कर रही है।

रेलवे पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें