
ऑपरेशन चक्रव्यूह में मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 घंटे में 31 वांछित और वारंटी गिरफ्तार
मीरजापुर। जनपद में अपराधियों और न्यायालय से वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए गए 12 घंटे के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मीरजापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 31 वांछित, वारंटी एवं अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जनपदभर में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अपराध की रोकथाम तथा वारंटी, वांछित, पुरस्कार घोषित एवं अन्य अभियुक्तों की धरपकड़ करना था।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 25 वारंटी, तीन वांछित तथा तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। थाना कोतवाली शहर से दो, कोतवाली कटरा से छह, विंध्याचल से छह, चील्ह से दो, कछवां से पांच, जिगना से एक, ड्रमण्डगंज से एक, संतनगर से एक, चुनार से एक, अदलहाट से दो, अहरौरा से तीन तथा राजगढ़ थाना क्षेत्र से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।












