विश्वविद्यालय के निर्माण में देरी पर मंडलायुक्त सख्त, कार्यदायी संस्था को चेतावनी

मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण में देरी पर मंडलायुक्त सख्त, कार्यदायी संस्था को चेतावनी

मीरजापुर। निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय की धीमी प्रगति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार को मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मड़िहान स्थित विश्वविद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित समय-सारिणी से पीछे मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एकेडमिक ब्लॉक, प्रशासनिक भवन और लाइब्रेरी ब्लॉक के निर्माण की समीक्षा की गई। कई स्थानों पर श्रमिकों की संख्या कम मिलने से फिनिशिंग कार्य अपेक्षित गति से नहीं पाया गया। अधिकारियों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, ड्रेनेज, विद्युतीकरण तथा पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की और संबंधित अभिलेख तलब किए।

विश्वविद्यालय सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने प्रत्येक ब्लॉक की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने पर ठेका निरस्त करने जैसी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रमिकों की संख्या दोगुनी कर दो शिफ्टों में कार्य कराने तथा विद्युत सब-स्टेशन, पेयजल व्यवस्था और पहुंच मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय से मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र के 169 महाविद्यालय संबद्ध होंगे। विश्वविद्यालय में कृषि, निर्यात, जीआई उत्पाद तथा कौशल विकास से जुड़े स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिससे विंध्य क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में 11 हजार वृक्षारोपण अभियान के तहत मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मड़िहान अनेग सिंह, तहसीलदार आशीष पांडे, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय तथा लोक निर्माण विभाग और जल निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें