
मिर्जापुर। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार हुई महिला को मिर्जापुर पुलिस की साइबर सेल ने राहत दिलाते हुए उसके खाते से निकाले गए 3,000 रुपये वापस करा दिए।
पुलिस के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के गोसाई तालाब फतहा निवासी रोशनी चौहान ने 13 सितंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उनके खाते से 3,000 रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत मिलने के बाद नगर कोतवाली साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी।
राशि वापस मिलने पर पीड़िता ने नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने पीड़िता को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार के लालच या संदिग्ध ऑनलाइन निवेश से सतर्क रहने की सलाह दी तथा अन्य लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।












