
16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, तैयारियां तेज; व्यवस्थाओं को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
मिर्जापुर। आगामी 16 जुलाई को गाजिया टोला स्थित श्री ठाकुर राम कुमार मंदिर (रजि.) से निकलने वाली भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भ्राता बलभद्र की परंपरागत रथयात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।
समिति ने बताया कि रथयात्रा प्रातः 6 बजे मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर त्रिमोहानी चौराहा पहुंचेगी। वहां दर्शन-पूजन के बाद शाम 4 बजे महाआरती होगी। इसके बाद रथयात्रा त्रिमोहानी चौराहा, बसनई बाजार, घंटाघर, खजांची चौराहा, गिरधर चौराहा, पेहटी चौराहा, तुलसी चौक, पानदरिबा, पुरानी अंजही, टेढ़ी नीम और नारघाट होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
ज्ञापन में रथयात्रा मार्ग की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त कराने, अतिक्रमण हटाने, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम कराने की मांग की गई है। समिति का कहना है कि रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे शामिल होते हैं, इसलिए प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है।
मंदिर समिति एवं रथयात्रा के संरक्षक गौरव ऊमर, राज माहेश्वरी, बृजेश गुप्ता, संयोजक रूप नारायण अग्रहरि तथा प्रभारी राहुल जैन ने जिला प्रशासन से समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराने का अनुरोध किया है, ताकि धार्मिक आयोजन भव्य, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।











