शादी कराने के नाम पर ठगी और जबरन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

शादी कराने के नाम पर ठगी और जबरन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

मिर्जापुर। कोतवाली देहात पुलिस ने शादी कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी और जबरन वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के बैंक खातों में मौजूद 1.30 लाख रुपये होल्ड कराए हैं तथा घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ निवासी पुष्पेन्द्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके रिश्तेदारों की शादी कराने के नाम पर 28 जून को लोहंदी कला स्थित हनुमान मंदिर बुलाकर उसके साथ ठगी की गई और धमकी देकर रुपये वसूले गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली देहात थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोहंदी कला क्षेत्र से लवकुश यादव, गुड़िया यादव, राधा कोल, दीपक पाल तथा राजेन्द्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे राजस्थान सहित अन्य राज्यों के लोगों को शादी कराने का झांसा देकर मिर्जापुर बुलाते थे। यहां फर्जी शादी का नाटक रचकर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर ऑनलाइन तथा नकद रुपये वसूलते थे।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार बरामद की है, जबकि साइबर सेल की मदद से 1.30 लाख रुपये बैंक खाते में होल्ड कराए गए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें