चंदईपुर में प्रस्तावित नए कलेक्ट्रेट निर्माण को लेकर विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने की समीक्षा बैठक

चंदईपुर में प्रस्तावित नए कलेक्ट्रेट निर्माण को लेकर विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने की समीक्षा बैठक
मीरजापुर, 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग की विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन गुरुवार को विश्वविख्यात मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

दर्शन-पूजन के उपरांत विशेष सचिव ने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर तथा चंदईपुर में प्रस्तावित नवीन कलेक्ट्रेट अनावासीय भवन निर्माण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता, राजस्व अभिलेख, पहुंच मार्ग, आधारभूत सुविधाएं, तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं सहित निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

दिव्या मित्तल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन कलेक्ट्रेट निर्माण की प्रक्रिया को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेखों और औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करते हुए कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपदवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन कलेक्ट्रेट भवन उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर की स्थिति तथा चंदईपुर में प्रस्तावित नए कलेक्ट्रेट निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। विशेष सचिव ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजना को गति देने पर जोर दिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (भू./रा.) देवेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें