मीरजापुर पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले ₹9,280

मीरजापुर, 09 जुलाई 2026। मीरजापुर पुलिस की तत्परता और साइबर सेल की सक्रियता से ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को बड़ी राहत मिली है। थाना कोतवाली कटरा साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में ठगी गई ₹9,280 की धनराशि वापस कराई।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणपुरम कॉलोनी बरौंधा कछार निवासी सुनील कुमार शास्त्री ने थाना कोतवाली कटरा साइबर सेल को सूचना दी कि उन्होंने एक ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से खरीदारी की थी, जिसका भुगतान वह पहले ही अपने क्रेडिट कार्ड से कर चुके थे। इसके बावजूद डिलीवरी बॉय द्वारा उनसे दोबारा ₹9,280 की राशि ट्रांसफर करा ली गई, जिससे वह साइबर ठगी का शिकार हो गए।
शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले को तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज किया गया और थाना कोतवाली कटरा साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर ठगी की गई राशि को होल्ड कराया और अंततः पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
खाते में पैसा वापस आने के बाद पीड़ित सुनील कुमार शास्त्री ने थाना पहुंचकर मीरजापुर पुलिस और साइबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया तथा पुलिस अधिकारियों और टीम की सराहना की।
इस दौरान पुलिस द्वारा पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन खरीदारी, फर्जी कॉल, ओटीपी और संदिग्ध भुगतान लिंक से सावधान रहने की सलाह भी दी गई। साथ ही उनसे अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें