
मिशन सेफ फ्यूचर अभियान में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 45 वाहन सीज और 66 का चालान
मीरजापुर, 10 जुलाई 2026 परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर जनपद में 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक शिक्षण संस्थानों के वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान “मिशन सेफ फ्यूचर” चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अनफिट एवं नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
अभियान के प्रथम चरण में विद्यालयों को नोटिस एवं आवश्यक सूचनाएं जारी की गईं तथा विद्यालयी वाहनों की फिटनेस और मानकों की जांच की गई। इसके बाद दूसरे चरण में 8 जुलाई से 15 जुलाई तक अनफिट और नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयी वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मीरजापुर के पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 22 स्कूली वाहनों का चालान किया गया तथा 11 वाहनों को विभिन्न थानों में सीज किया गया।
इसके अतिरिक्त अवैध एवं डग्गामार वाहनों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 44 अवैध वाहनों का चालान किया गया तथा 34 वाहनों को निरुद्ध किया गया।
इस प्रकार अभियान के अंतर्गत कुल 66 वाहनों का चालान तथा 45 वाहनों को सीज अथवा निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), प्रथम, यात्री/मालकर अधिकारी प्रथम, यात्री/मालकर अधिकारी द्वितीय, पुलिस विभाग एवं परिवहन विभाग के प्रवर्तन पर्यवेक्षक तथा प्रवर्तन सिपाहियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।















