
डीआईजी पूनम ने किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में चला वृक्षारोपण अभियान
मीरजापुर। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान एवं वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत रविवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम ने परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं जनभागीदारी का संदेश दिया।
इस अवसर पर डीआईजी पूनम ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान तथा प्रकृति के प्रति अपने दायित्व के निर्वहन के लिए एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। डीआईजी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान परिक्षेत्रीय कार्यालय में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया।















