मिर्जापुर में नकली सोना बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

खुदाई में निकला सोना बताकर बेचते थे नकली गुल्ली, जिगना पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा

मीरजापुर। थाना जिगना पुलिस ने नकली सोने की गुल्ली को खुदाई में निकला असली सोना बताकर लोगों को ठगने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 नकली सोने की गुल्ली, 1 लाख 37 हजार रुपये और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गाजीपुर जनपद के करण्डा थाना क्षेत्र के लीलापुर निवासी सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने 12 जुलाई को थाना जिगना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने खुदाई में निकली सोने की गुल्ली बताकर उन्हें नकली सोना बेच दिया और धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली। तहरीर के आधार पर थाना जिगना में मुकदमा संख्या 176/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना जिगना पुलिस को निर्देश दिए। इसके बाद उप निरीक्षक चन्द्रशेखर प्रसाद और उनकी टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में रामरक्षा बिन्द उर्फ छोटू (25 वर्ष), विद्यासागर बिन्द (22 वर्ष) तथा प्रशांत कुमार विश्वकर्मा (20 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी थाना जिगना क्षेत्र के बघेड़ा खुर्द परौतीपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त 1 लाख 37 हजार रुपये, 16 नकली सोने की गुल्ली और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में धारा 318(4), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रामरक्षा बिन्द के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रशांत विश्वकर्मा के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज रहा है। पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें