
मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के तेंदुहनी बेलहा गांव में रविवार को एक सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गांव में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जेठ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, आरोपी छोटेलाल ने किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और देखते ही देखते उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन और ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, महिला की मौत हो चुकी थी। इसके बाद आरोपी ने खुद भी फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि आरोपी छोटेलाल अपनी पत्नी की हत्या के मामले में करीब 10 वर्ष की सजा काटने के बाद जेल से बाहर आया था। अब एक बार फिर उसने इस वारदात को अंजाम देकर पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
उपरोक्त मामले में मिर्जापुर पुलिस ने बताया कि जेठ ने पहले भाभी की डंडे से हत्या की, अगले दिन पेड़ से लटककर दी जान
लालगंज क्षेत्र के तेन्दुहनी गांव में दो दिनों के भीतर दो मौतों से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
मीरजापुर। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के तेन्दुहनी गांव में पारिवारिक विवाद ने दो जिंदगियां छीन लीं। पहले जेठ ने अपनी भाभी की कथित रूप से डंडे से पीटकर हत्या कर दी और इसके अगले ही दिन स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 की रात तेन्दुहनी गांव निवासी संगीता देवी (26) पत्नी नन्हकऊ की उसके जेठ छोटेलाल उर्फ कलट्टर (32) पुत्र श्याम नारायण द्वारा लकड़ी के डंडे से मारपीट किए जाने के बाद मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई संदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय चीनी प्रसाद निवासी देवरी राजा, थाना संतनगर की तहरीर पर लालगंज थाने में मुकदमा संख्या 272/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत छोटेलाल के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी बीच सोमवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी छोटेलाल ने गांव से करीब 300 मीटर दूर एक बगीचे में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, लालगंज थाना पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतका संगीता और छोटेलाल एक ही घर में रहते थे तथा संगीता ही छोटेलाल के लिए भोजन बनाती थी। बताया जा रहा है कि किसी अचानक हुए विवाद के बाद यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार छोटेलाल पूर्व में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में सजा काट चुका था और लगभग एक वर्ष पूर्व ही जेल से वापस घर लौटा था।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।















