
महिला जिला अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा
मिर्जापुर। महिला जिला अस्पताल में मंगलवार को डिलीवरी के लिए भर्ती कराई गई गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती बिन्द (पत्नी राजेश कुमार बिंद) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों द्वारा सुबह महिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर उचित उपचार और देखभाल नहीं मिलने के कारण जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और जिम्मेदार चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांत कराया। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराए जाने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।















