
सर्राफा दुकान चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; भारी मात्रा में आभूषण और नकदी बरामद
मीरजापुर, 15 जुलाई। कोतवाली कटरा पुलिस ने सर्राफा दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को राजेंद्र नगर भटवा की पोखरी निवासी आकाश वर्मा ने अपनी गहनों की दुकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली कटरा में मुकदमा संख्या 209/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वाराणसी निवासी राजकुमार पटेल और सोनभद्र निवासी शिवम मौर्या को एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की 195 पायल, 238 बिछिया, 37 सफेद धातु की अंगूठियां, 144 पीली धातु की अंगूठियां तथा 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार पटेल निवासी रमरेपुर, संजयनगर कॉलोनी, पांडेयपुर थाना लालपुर, वाराणसी तथा शिवम मौर्या निवासी दुमहन थाना दुद्धी, जनपद सोनभद्र शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक राजकुमार पटेल के खिलाफ वाराणसी, चंदौली, बाराबंकी, गाजीपुर और अंबेडकरनगर समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के करीब 29 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवम मौर्या के खिलाफ मीरजापुर और सोनभद्र में चोरी, गैंगस्टर और आयुध अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं।















