
स्काउट-गाइड से छात्रों में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करें: जिलाधिकारी
सरकारी के साथ निजी स्कूलों में भी विशेष अभियान चलाकर बढ़ाया जाए नामांकन
मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि छात्रों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, समय की पाबंदी, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि अपने-अपने अधीनस्थ विद्यालयों में स्काउट-गाइड के नामांकन एवं नवीनीकरण की स्थिति में सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नामांकन के सापेक्ष नवीनीकरण की प्रगति संतोषजनक नहीं है, जिसे गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर तथा अन्य गतिविधियों का आयोजन कर छात्रों को स्काउट-गाइड के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाए, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो सके।
उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा राहत कार्य, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक दायित्वों से भी जोड़ा जाए। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव और जिम्मेदारी की भावना का विकास होगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि केवल सरकारी विद्यालय ही नहीं, बल्कि सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध निजी विद्यालयों में भी स्काउट-गाइड का विशेष अभियान चलाया जाए। प्रत्येक विद्यालय में स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन की नियुक्ति कर नियमित गतिविधियां संचालित की जाएं, जिससे अधिकाधिक छात्र-छात्राएं इस अभियान से जुड़ सकें।
बैठक में प्राचार्य महेंद्र सोनकर सहित स्काउट-गाइड संगठन के पदाधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।











