
जिला सहकारी बैंक मिर्जापुर की समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट शाखा प्रबंधक हुए सम्मानित
मिर्जापुर, 24 जुलाई। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, मिर्जापुर के सभागार में शुक्रवार को सभापति डॉ. जगदीश सिंह पटेल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विंध्याचल मंडल के संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक, सहकारिता योगेंद्र पाल सिंह ने बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में ऋण वितरण, ऋण वसूली, विविधीकरण योजनांतर्गत ऋण वितरण तथा पैक्स (PACS) कंप्यूटरीकरण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने शाखा प्रबंधकों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति एवं बैंकिंग सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त एवं उप निबंधक, सहकारिता मिर्जापुर/सोनभद्र अमित कुमार पाण्डेय, बैंक के सचिव एवं सीईओ राजकुमार यादव, उपमहाप्रबंधक मंजूषा, बैंक की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक तथा मुख्यालय के अनुभाग अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रॉबर्ट्सगंज, सिखड़, लालगंज, चोपन, दुद्धी, चुनार, सदर एवं शाहगंज मोड़ शाखा के शाखा प्रबंधकों को सभापति डॉ. जगदीश सिंह पटेल ने सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।















