
मीरजापुर में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अपहरण, मारपीट व अवैध शराब के मामलों में तीन गिरफ्तार
मीरजापुर, 2 अगस्त। मीरजापुर पुलिस ने रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने, हत्या के प्रयास से जुड़े मारपीट के मामले तथा अवैध शराब की तस्करी के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 30 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई भी की गई।
जमालपुर थाना पुलिस ने 19 जुलाई को दर्ज नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मुकदमे में नामजद अभियुक्त आजाद कुमार वियार निवासी जफरपुरा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
वहीं, कोतवाली देहात पुलिस ने 27 जुलाई को दर्ज मारपीट एवं हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमे में नामजद अभियुक्त कार्तिक सरोज निवासी कम्हरी, थाना पड़री को गिरफ्तार किया। आरोप है कि बस चालक व उसके साथियों ने एक युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी थी। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।
उधर, लालगंज थाना पुलिस ने अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर खजुरी निवासी कुन्दन को 30 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धाराओं 170/126/135 के तहत कुल 30 व्यक्तियों का चालान किया गया। इनमें विन्ध्याचल से 4, कटरा से 4, कछवां से 3, अदलहाट से 1, जमालपुर से 2, लालगंज से 5, सन्तनगर से 3, जिगना से 8 तथा राजगढ़ से 1 व्यक्ति शामिल हैं।















