मिर्जापुर: सहकारी बैंक की प्रबंध समिति की बैठक संपन्न

मिर्जापुर: सहकारी बैंक की प्रबंध समिति की बैठक संपन्न, अल्पकालीन फसली ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश

मिर्जापुर, 5 अगस्त। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मिर्जापुर की प्रबंध समिति की बैठक बुधवार को अध्यक्ष डॉ. जगदीश सिंह पटेल की अध्यक्षता में बैंक मुख्यालय के सभा कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में 4 अगस्त 2026 तक की वित्तीय प्रगति, ऋण वितरण, वसूली और आगामी लक्ष्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि गत वर्ष की तुलना में बैंक के संपोषित निक्षेप (डिपॉजिट) में 3,172 लाख रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं अल्पकालीन फसली ऋण वितरण के लिए निर्धारित 15,900 लाख रुपये के लक्ष्य को बढ़ाकर 25,000 लाख रुपये कर दिया गया है। 4 अगस्त 2026 तक बैंक द्वारा 14,240.39 लाख रुपये का फसली ऋण वितरित किया जा चुका है।

प्रबंध समिति ने ऋण वितरण, वसूली तथा विद्युतीकरण योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों को बैंक से वित्त पोषण उपलब्ध कराने के लिए ऋण साख सीमा नीति को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में सदस्य हरिप्रताप सिंह ने किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक शाखा प्रबंधक को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा जिन शाखा प्रबंधकों द्वारा ऋण वितरण की प्रगति समय पर मुख्यालय को नहीं भेजी जा रही है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की संस्तुति भी की गई।

बैठक में बैंक के उपाध्यक्ष विपुल सिंह सहित प्रबंध समिति के सदस्य, उपमहाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक एवं बैंक के सचिव/सीईओ राजकुमार यादव उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें