घाटों और निर्माणाधीन हेलीपैड का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, समय से कार्य पूरा कराने के निर्देश

घाटों और निर्माणाधीन हेलीपैड का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, समय से कार्य पूरा कराने के निर्देश

गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ जल निकासी, सफाई, प्रकाश व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा

मीरजापुर। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ विंध्याचल क्षेत्र का भ्रमण कर गंगा किनारे निर्माणाधीन अखाड़ा घाट, पक्का घाट सहित अन्य घाटों के निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए घाटों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण महत्वपूर्ण है। घाटों पर सीढ़ियों, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य टिकाऊ रहे।

उन्होंने वर्षा के दौरान घाटों पर जलभराव और फिसलन की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा पानी की निकासी के लिए बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए घाटों पर जगह-जगह डस्टबिन रखने और पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड लगाने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

हेलीपैड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने प्रशासनिक अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ पटेंगरा नाला के पास निर्माणाधीन हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया।

मंडलायुक्त ने अभियंताओं से निर्माण कार्य की प्रगति, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय सीमा की जानकारी ली। उन्होंने कार्य में तेजी लाते हुए हेलीपैड का निर्माण तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत हेलीपैड के चारों ओर बाउंड्रीवाल, पहुंच मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने पहुंच मार्ग का निर्धारित मानकों के अनुसार चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराने को कहा, ताकि किसी भी स्थिति में आवागमन बाधित न हो।

मंडलायुक्त ने विंध्य विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेलीपैड के आसपास अब किसी प्रकार का नया आवासीय अथवा अन्य निर्माण न होने दिया जाए। पहले से निर्मित भवन भी हेलीपैड के निर्धारित मानकों के अनुरूप ऊंचाई से अधिक न बनाए जाएं, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गोवा लाल सहित विंध्य विकास प्राधिकरण एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें