फोन-पे से ठगी के 50 हजार रुपये मीरजापुर पुलिस ने कराए वापस

फोन-पे से ठगी के 50 हजार रुपये मीरजापुर पुलिस ने कराए वापस

साइबर सेल ने बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर धनराशि कराई होल्ड, खाते में वापस आते ही पीड़िता ने जताया आभार

मीरजापुर। थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र में ऑनलाइन साइबर ठगी की शिकार हुई महिला के खाते में मीरजापुर पुलिस की साइबर सेल ने 50 हजार रुपये वापस करा दिए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार जताया।

नकहरा नई बस्ती, थाना कोतवाली कटरा निवासी सुमन देवी पत्नी रमेश कुमार अग्रहरी ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे के माध्यम से उनके बैंक खाते से कुल 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। पीड़िता की शिकायत को साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराते हुए थाना कोतवाली कटरा की साइबर सेल ने जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने बैंक एवं संबंधित मर्चेंट से समन्वय कर ठगी की रकम को समय रहते होल्ड करा दिया। इसके बाद 8 अगस्त को होल्ड कराई गई पूरी 50 हजार रुपये की धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

खाते में रकम वापस आने के बाद सुमन देवी थाना पहुंचीं और मीरजापुर पुलिस की साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस टीम ने उन्हें साइबर ठगी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की अपील की।

साइबर सेल टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक, उपनिरीक्षक कृष्णकांत त्रिपाठी, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रकाश सिंह और कांस्टेबल इरफान अंसारी शामिल रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें