
मीरजापुर में 29वीं अंतरजनपदीय एलार्म एफिसिएंसी रेस/शूटिंग प्रतियोगिता का समापन

मीरजापुर। 29वीं अंतरजनपदीय एलार्म एफिसिएंसी रेस/शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को समापन हुआ। पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह की शुरुआत पुलिस अधीक्षक मीरजापुर द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक ने गार्द की सलामी ली। प्रतियोगिता में वाराणसी जोन की मीरजापुर, भदोही, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, सोनभद्र और जौनपुर की कुल सात टीमों ने प्रतिभाग किया।
एलार्म एफिसिएंसी रेस में मीरजापुर और गाजीपुर की टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों टीमों ने कुल 10 बाधाओं को पार किया, जिसमें मीरजापुर की टीम ने प्रथम और गाजीपुर की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शूटिंग प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने हासिल किया प्रथम स्थान
रायफल पुरानी स्पर्धा में 100 गज स्टैंडिंग पोजीशन में उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह (मीरजापुर), 200 गज नीलिंग पोजीशन में आरक्षी अजय (मीरजापुर), 300 गज लाइन पोजीशन में मुख्य आरक्षी धर्मेन्द्र (सोनभद्र), 300 गज स्नैप लाइन पोजीशन में महिला आरक्षी ममता (सोनभद्र) तथा 300 गज थ्री-पी पोजीशन में आरक्षी रामगोपाल (मीरजापुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
रायफल नई स्पर्धा में पुरुष वर्ग की 300 मीटर थ्री-पी पोजीशन में मुख्य आरक्षी आर. धर्मेन्द्र (सोनभद्र) तथा महिला वर्ग की 300 मीटर प्रोन पोजीशन में महिला आरक्षी ममता (सोनभद्र) प्रथम रहीं। 300 मीटर थ्री पोजीशन बिगबोर पुरुष वर्ग में आरक्षी अतेन्द्र सरोज (मीरजापुर) और महिला वर्ग में महिला आरक्षी कात्यायनी (सोनभद्र) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
चल बैजन्ती में मीरजापुर और सोनभद्र का दबदबा
चल बैजन्ती में एलार्म एफिसिएंसी रेस में मीरजापुर, रायफल शूटिंग पुरानी स्पर्धा में मीरजापुर, रायफल शूटिंग बिगबोर पुरुष व महिला वर्ग में सोनभद्र, थ्री पोजीशन पुरुष वर्ग में मीरजापुर तथा महिला वर्ग में सोनभद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कारबाइन शूटिंग में सोनभद्र, रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग में मीरजापुर और एयर पिस्टल में आजमगढ़ की टीम प्रथम रही।
समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।















