25 हजार का इनामी गो-तस्कर मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग कर भागने का किया प्रयास, तमंचा-कारतूस, बाइक और 37,500 रुपये बरामद

मीरजापुर। लालगंज थाना पुलिस ने बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित गो-तस्कर को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा 37,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी वांछित गो-तस्कर मोटरसाइकिल से नैड़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर लालगंज पुलिस टीम ने गड़बड़ा धाम रोड स्थित पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख अभियुक्त ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुफरान पुत्र ईशा, निवासी घुर्माबाद, जनपद रोहतास, बिहार, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से गोपीगंज, भदोही का रहने वाला है और वर्तमान में रोहतास, बिहार में रहता है। उसके मुताबिक वह प्रयागराज और मध्य प्रदेश सीमा से सस्ते दाम पर गोवंश खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचता था।

पुलिस ने इस मामले में लालगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 314/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ लालगंज, जिगना और विंध्याचल थानों में गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक लालगंज वेद प्रकाश पाण्डेय मय पुलिस टीम तथा चौकी प्रभारी बेलन बरौधा नरेन्द्र सिंह मय पुलिस टीम शामिल रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें