एसएन पब्लिक स्कूल के एजु कार्निवल में दिखी नई पीढ़ी की प्रतिभा, जैन जी-जेन अल्फा से मिले रमाशंकर पटेल

बच्चों की प्रतिभा देख बोले रमाशंकर सिंह पटेल- विकसित भारत की परिकल्पना अब और आसान

एसएन पब्लिक स्कूल के एजु कार्निवल में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नई शिक्षा नीति, एआई व सरकार की योजनाओं के मॉडल और डेमो

मीरजापुर। मिशन कंपाउंड स्थित एसएन पब्लिक स्कूल में आयोजित एजु कार्निवल में विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक और विकसित भारत की परिकल्पना को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल बतौर अतिथि पहुंचे और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मॉडलों, प्रोजेक्टों एवं डेमो का अवलोकन किया।

विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों ने विभिन्न विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने नई शिक्षा नीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आईटी सहित आधुनिक तकनीक तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं क्रांतिकारी योजनाओं को मॉडल और प्रदर्शन के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पहुंचे अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों को उत्सुकता से देखा और उनकी प्रतिभा की जमकर सराहना की।

पूर्व ऊर्जा मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके प्रोजेक्टों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सरकार की विभिन्न योजनाओं और आधुनिक विषयों को केवल पढ़ाने तक सीमित न रखकर उन्हें डेमो और प्रयोग के माध्यम से बच्चों के सामने प्रस्तुत करना अत्यंत सराहनीय पहल है। इससे विद्यार्थियों में विषय को समझने के साथ-साथ नवाचार और रचनात्मक सोच विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में जिस प्रकार व्यावहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर जोर दिया गया है, उसका प्रभाव ऐसे आयोजनों में स्पष्ट दिखाई देता है। बच्चों ने एआई और आईटी जैसे आधुनिक विषयों को जिस आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया, वह आने वाले भारत की तस्वीर को दर्शाता है।

पत्रकार वार्ता में बोले- बच्चों की प्रतिभा देखकर विकसित भारत का सपना और आसान

कार्यक्रम के दौरान पत्रकार वार्ता में रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि इन बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर विकसित भारत की परिकल्पना अब और भी आसान लगती है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य इन्हीं बच्चों के हाथों में है और यदि उन्हें आधुनिक शिक्षा, तकनीक तथा अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का उचित अवसर मिलता रहे तो वे भविष्य में देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों को आयोजन के लिए बधाई दी। वहीं बच्चों के माता-पिता ने कहा कि अपने बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देते देख उन्हें बेहद खुशी हुई। एजु कार्निवल ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अभिभावकों को भी उनके सीखने और समझने की क्षमता से रूबरू होने का अवसर दिया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें