
जिगना में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपी हिरासत में
मीरजापुर। थाना जिगना क्षेत्र के ग्राम खैरा में गुरुवार को एक वृद्ध महिला की डंडे से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी अंकित दूबे पुत्र अखिलेश दूबे ने 70 वर्षीय निदयरा देवी पत्नी राजनारायण पाल के साथ डंडे से मारपीट की।
महिला को बचाने पहुंचे परिवार के रमाकांत पाल और तेरसू के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों द्वारा घायल निदयरा देवी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जिगना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। पुलिस ने नामजद आरोपी अंकित दूबे को हिरासत में लेते हुए कथित तौर पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार अग्रेतर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।
क्षेत्राधिकारी लालगंज, मीरजापुर की बाइट भी जारी की गई है।















