
विंध्याचल में दर्शनार्थियों के मोबाइल चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार, तीन मोबाइल बरामद
मीरजापुर। विंध्याचल दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल और अन्य सामान चोरी करने वाले तीन आरोपितों को विंध्याचल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ निवासी प्रियान्सु चौहान ने पांच अक्टूबर को गंगा स्नान के दौरान मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में उप निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विंध्याचल पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इटावा निवासी सुभाष चंद्र (28), विंध्याचल निवासी शाहरूख अली (26) और छोटी महुआरिया निवासी अवधेश कुमार (19) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे विंध्याचल दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल और सामान पर मौका देखकर हाथ साफ करते थे। पुलिस के मुताबिक, शाहरूख अली चोरी के मोबाइल और सामान की खरीद-फरोख्त करता था तथा मोबाइल के पैटर्न को तोड़कर उन्हें दोबारा बेचने का काम किया जाता था।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।















