मिर्जापुर में 12 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुर में 12 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

पैसे के लालच में बाइक पर बैठाकर ले गया था आरोपी, गला दबाकर की हत्या; शव छिपाने जा रहा था तभी पुलिस ने घेरा

मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 वर्षीय बच्चे प्रिंस बिंद के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, सेमरी गांव निवासी केशव बिंद ने 10 नवंबर को अपने 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस के अपहरण की सूचना विंध्याचल थाने में दी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बच्चे की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।

पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना से संबंधित आरोपी लालगंज की तरफ से आ रहा है। इसके बाद गैपुरा-विजयपुर मार्ग पर चेकिंग शुरू की गई। पुलिस को देखकर बाइक सवार आरोपी कुशियरा जंगल की तरफ भागा और कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल में छिप गया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंटू उर्फ शैलेंद्र निवासी परसिया कामापुर, थाना विंध्याचल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर को शाम करीब चार बजे बच्चे को बाइक चलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को कुशियरा जंगल में छिपा दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शव को दूसरी जगह छिपाने के लिए जा रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में थाना लालगंज पुलिस द्वारा भी अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध मिर्जापुर और रायबरेली सहित विभिन्न थानों में चोरी, हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में विंध्याचल थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह, गैपुरा चौकी प्रभारी विजय कुमार राय, अष्टभुजा चौकी प्रभारी चंद्रभान सिंह तथा धाम सुरक्षा चौकी प्रभारी अजय मिश्रा पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें