
### अहरौरा में 44 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, कार की डिग्गी में छिपाकर ले जा रहे थे खेप
मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 44 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 22 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अहरौरा पुलिस टीम ने वनस्थली विद्यालय के पास ग्राम लतीफपुर में घेराबंदी कर होण्डा सिटी कार सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में काले रंग की प्लास्टिक से ढककर दो बोरियों में छिपाए गए 27 पैकेटों से कुल 44 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार निषाद और मोहन चौधरी निवासी पश्चिमी चंपारण (बिहार), पीयूष कुमार तिवारी और गोविन्द पटेल निवासी कुशीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होण्डा सिटी कार (नंबर JH05AQ0983) को सीज कर दिया है। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में अहरौरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धनुषधारी पाण्डेय, मुख्य आरक्षी शशिप्रताप सिंह, नरेंद्र सिंह, चंदन कुमार और आरक्षी अवधनाथ राय शामिल रहे।















