
मीरजापुर में यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, दो घंटे में 13.61 लाख का जुर्माना वसूला।
वाराणसी जोन में दो घंटे चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, मीरजापुर में सबसे अधिक 13.61 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला
34,355 वाहनों की जांच, 9,988 बिना हेलमेट और 2,779 तीन सवारी के चालान, 188 वाहन सीज
मीरजापुर। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में सोमवार को वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। शाम 4 से 6 बजे तक चले इस दो घंटे के अभियान में पुलिस ने कुल 34,355 वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 9,988 तथा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने पर 2,779 चालान किए गए। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले 188 वाहनों को सीज किया गया तथा कुल 22 लाख 85 हजार 700 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अभियान में मीरजापुर जनपद ने शमन शुल्क वसूली में पूरे वाराणसी जोन में पहला स्थान हासिल किया। यहां 3,556 वाहनों की जांच के दौरान 936 बिना हेलमेट और 318 तीन सवारी के चालान किए गए। इसके अलावा 13 वाहनों को सीज करते हुए 13 लाख 61 हजार 200 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
वहीं सोनभद्र में 948 वाहनों की जांच कर 247 बिना हेलमेट और 87 तीन सवारी के चालान किए गए। यहां दो वाहन सीज किए गए तथा 1 लाख 22 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। भदोही में 1,317 वाहनों की जांच के दौरान 223 बिना हेलमेट और 420 तीन सवारी के चालान किए गए। यहां 7 लाख 36 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















